करैरा।विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई दुर्गा वाहिनी और मातृशक्ति ने नवरात्रि की पूर्व संध्या पर एक भव्य पथ संचलन का आयोजन किया। जिसमें शाम पांच बजे सरस्वती स्कूल मंदिर प्रखंड करैरा से प्रारंभ होकर पुलिस सहायता केंद्र, कच्ची गली, नया बस्टैंड और बीज भंडार रोड जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए उसी स्थान पर समापन हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भक्ति के साथ शक्ति का समागम स्थापित करना था जो महिलाओं को आत्मरक्षा, सांस्कृतिक जागरूकता और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने पर केंद्रित रहा। मुख्य वक्ता संयोगिता के अलावा सह संयोजिका विशाखा पांडेय, मोनिका पुरोहित, दायित्वान कार्यकर्ता भावना लोधी, ज्योति जोश, मोनिका शर्मा, लाली कुशवाहा और दीपाली परिहार ने सक्रिय भूमिका निभाई। जबकि मार्गदर्शक अनीता सिकरवार प्रांत संयोजिका, राजा सिसोदिया विभाग संगठन मंत्री तथा नरेश झा विभाग मंत्री शिवपुरी ने दिशा.निर्देश दिए। जिला अध्यक्ष पवन शर्मा, मंत्री विजय परिहार के साथ मुख्य व्यवस्थापक नचिकेता तिवारी जिला सह संयोजक बजरंग दल ने पूरे आयोजन की बारीकी से निगरानी की और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए महिलाओं को सशक्त बनाने में सराहनीय योगदान दिया। जिला संयोजिका आरती झा ने बताया कि यह यात्रा हिंदू नारी की वीरता को पुनर्जीवित करने का माध्यम बनी जहां शस्त्र पूजन के दौरान प्रतिभागियों ने ऐतिहासिक नायिकाओं से प्रेरणा ली और युवतियों को प्रशिक्षण शिविरों की जानकारी दी गई। शहर में पहली बार हुए इस आयोजन में जगह.जगह समाजसेवकों द्वारा पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया तथा पुलिस सहायता केंद्र पर शालिनी नीरज शर्मा ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ यात्रा का जोरदार अभिनंदन किया। जिसने उत्साह को दोगुना कर दिया। सैकड़ों महिलाओं और युवतियों ने लाल साड़ी व सफेद सलवार सूट में सजकर भाग लिया जो ढोल.नगाड़ों की थाप और जयकारों से गूंज उठा जबकि शस्त्र पूजन की झांकी ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। नचिकेता तिवारी के नेतृत्व में सुचारू रूप से चली यह शक्ति यात्रा न केवल धार्मिक उत्साह का प्रतीक बनी बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका को मजबूत करने का संकल्प भी जताया। यह प्रयास पूरे जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण की नई लहर पैदा करने वाला सिद्ध हुआ। कुल मिलाकर आयोजन ने महिलाओं को न केवल धार्मिक रूप से जोड़ा बल्कि सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार भी किया।